रायपुर, 04 सितंबर।बीज निगम में फर्जी नियुक्ति पत्र और स्वास्थ्य विभाग में फर्जी ट्रांसफर आदेश के मामलों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में प्रदेश में फर्जी नियुक्ति और ट्रांसफर का सिंडिकेट सक्रिय है तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।
श्री शुक्ला ने आज यहां जारी बयान में कहा कि कृषि विभाग के महत्वपूर्ण अंग बीज निगम में महाप्रबंधक के डिजिटल हस्ताक्षर का कथित तौर पर दुरुपयोग कर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग में भी फर्जी ट्रांसफर आदेश सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवा नौकरी के लिए भटक रहे हैं, जबकि दूसरी ओर पैसे लेकर फर्जी नियुक्तियों का खेल चल रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि बलौदाबाजार में आरएमए के फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में भाजपा नेताओं की कथित संलिप्तता सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
श्री शुक्ला ने दावा किया कि इससे पहले 5 मार्च को सामान्य प्रशासन विभाग के नाम पर भी फर्जी नियुक्ति आदेश जारी किए गए थे, जिनमें कई विभागों में भर्ती की अनुशंसा दर्शाई गई थी। उन्होंने कहा कि डिजिटल हस्ताक्षरों के दुरुपयोग की घटनाएं बताती हैं कि प्रदेश में फर्जीवाड़े का नेटवर्क सक्रिय है।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर अब तक कितने बेरोजगारों से कथित रूप से उगाही की गई है और इस संबंध में सरकार अब तक कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं कर रही है। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




