नई दिल्ली, 05 सितम्बर। कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए शनिवार को छह राज्यों के लिए नए प्रभारी महासचिवों की नियुक्ति की है। पार्टी ने महासचिव सचिन पायलट को पंजाब, भूपेश बघेल को असम और रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी बनाया है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी नियुक्ति संबंधी विज्ञप्ति के अनुसार, सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. श्रीवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
संगठन में इस बदलाव के तहत गुजरात के प्रभारी रहे वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक को फिलहाल किसी राज्य की जिम्मेदारी नहीं दी गई है। हालांकि, वह पार्टी के महासचिव पद पर बने रहेंगे।
नई जिम्मेदारियों के तहत भूपेश बघेल को पंजाब के प्रभार से हटाकर असम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सचिन पायलट अब तक छत्तीसगढ़ के प्रभारी महासचिव की भूमिका निभा रहे थे। उनकी जगह सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी बनाया गया है।
रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले कर्नाटक के प्रभारी महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे और आगे भी कर्नाटक का प्रभार उनके पास बना रहेगा। गुजरात की जिम्मेदारी उन्हें मुकुल वासनिक की जगह दी गई है।
कांग्रेस ने संगठन में बदलाव के साथ कुछ महासचिवों और प्रभारियों को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त भी किया है। पार्टी ने जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर के योगदान की सराहना की है।
असम विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद जितेंद्र सिंह ने राज्य के प्रभारी पद से इस्तीफा दिया था। वहीं, रमेश चेन्निथला अब केरल के गृह मंत्री हैं, जबकि मणिकम टैगोर को तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जा चुका है।
कांग्रेस के इस संगठनात्मक फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




