रायपुर, 08 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में एक महीने तक विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं, नीतियों और पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में अभियान की तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर 100 दीप जलाए जाएंगे। प्रदेश में करीब 36 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति समर्थन और शुभकामनाएं व्यक्त करने की तैयारी है।
अभियान के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से जिला मुख्यालयों के प्रमुख स्थानों तक मशाल पहुंचाई जाएगी। इन स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जाएंगी।
युवाओं को जोड़ने पर जोर
‘सेवा संकल्प अभियान’ में युवाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए युवाओं की टोलियां वडनगर से वाराणसी तक यात्रा करेंगी। यह यात्रा छत्तीसगढ़ के कवर्धा और कोरिया जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा और युवाओं को अभियान से जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग जनहित के कार्यों में भाग लेंगे। वहीं ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित रंगोलियां बनाई जाएंगी। पार्टी का उद्देश्य इन रचनात्मक गतिविधियों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों और देश में हुए बदलावों को जनता तक पहुंचाना है।
‘25 साल की 25 कहानियां’ से बताएंगे सफर
विजय शर्मा के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर ‘जनसेवक महाकुंभ’ का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें पंच से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों की टीमें शामिल होंगी। इसके साथ ही ‘25 साल की 25 कहानियां’ अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पड़ावों, महत्वपूर्ण फैसलों और देश में आए बदलावों को जनता के सामने रखा जाएगा।
भाजपा के अनुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाना है। पार्टी इस अभियान के जरिए सेवा गतिविधियों और जनभागीदारी के माध्यम से सेवा भावना का संदेश भी देने का प्रयास करेगी।




