होम खेल जगत नवा रायपुर में गोल्फ का बड़ा मंच, छत्तीसगढ़ बनेगा देश का प्रमुख...

नवा रायपुर में गोल्फ का बड़ा मंच, छत्तीसगढ़ बनेगा देश का प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन

0

रायपुर, 15 सितंबर। छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ को नई पहचान दिलाने की दिशा में नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो रहा है। प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।

      मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन’ आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा और नवा रायपुर को देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

     मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और देश-विदेश से पहुंचे गोल्फ खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया। इस अवसर पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव विशेष रूप से मौजूद रहे।

     मुख्यमंत्री साय ने गोल्फ कोर्स पर स्वयं भी गोल्फ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उनके गोल्फ खेलने के दौरान आयोजन स्थल पर मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

     मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गोल्फ को लोग फिल्मों में ही खेलते हुए देखते थे, लेकिन आज छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ के इतने बड़े टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। यह बदलाव प्रदेश में गोल्फ के बढ़ते आकर्षण और इसकी संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पहले गोल्फ को उद्योगपतियों और संपन्न वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था, लेकिन अब इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है और नए खिलाड़ी इससे जुड़ रहे हैं।

     उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में गोल्फ के लिए अनुकूल वातावरण और पर्याप्त संभावनाएं हैं। राज्य सरकार गोल्फ के विकास, सुविधाओं के विस्तार और बड़े टूर्नामेंटों के आयोजन को प्रोत्साहित करेगी।

132 खिलाड़ियों की भागीदारी से बढ़ी प्रतियोगिता की प्रतिष्ठा

      ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में 132 प्रोफेशनल खिलाड़ियों की भागीदारी इसे छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले प्रमुख गोल्फ आयोजनों में शामिल करती है। विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप भी मजबूत हुआ है।

      मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश के इतने बड़े स्तर के खिलाड़ियों का नवा रायपुर पहुंचना इस बात का संकेत है कि छत्तीसगढ़ गोल्फ के लिए एक आकर्षक स्थान के रूप में उभर रहा है। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का बेहतर मंच मिलने के साथ ही नवा रायपुर को गोल्फ के नक्शे पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।

हर साल प्रतियोगिता कराने की कपिल देव की इच्छा

       प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोफेशनल टूर्नामेंट किसी भी प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रेरित करते हैं।

      कपिल देव ने इच्छा जताई कि ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन’ का आयोजन छत्तीसगढ़ में हर वर्ष हो और आगामी प्रतियोगिताओं की तारीखें पहले से तय की जाएं। इससे देश-विदेश के प्रोफेशनल खिलाड़ी अपने अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के अनुरूप छत्तीसगढ़ आने की योजना बना सकेंगे।

     उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और यहां खिलाड़ियों को मिलने वाला आतिथ्य भी इसकी विशेषता है। उनके अनुसार जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्र माने जाते हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश के महत्वपूर्ण गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना सकता है।

       कपिल देव ने गोल्फ को प्रोत्साहित करने और बड़े प्रोफेशनल टूर्नामेंट के आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री साय की सराहना की।

गोल्फ के साथ छत्तीसगढ़ के पर्यटन को भी मिलेगा लाभ

      मुख्यमंत्री साय ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को देखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी यहां से लौटते समय टूर्नामेंट की यादों के साथ छत्तीसगढ़ के आतिथ्य और प्राकृतिक सौंदर्य की स्मृतियां भी अपने साथ लेकर जाएं।

      पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने कहा कि प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया की टीम जब भी छत्तीसगढ़ आती है, उसका आत्मीय स्वागत होता है। यहां का वातावरण, गोल्फ कोर्स और व्यवस्थाएं खिलाड़ियों को प्रभावित करती हैं और कई खिलाड़ी दोबारा यहां खेलने की इच्छा जताते हैं।

      उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पर्यटन और अन्य खेलों के साथ-साथ एक उभरते हुए गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।

      ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ से नवा रायपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। प्रतियोगिता की निरंतरता और बेहतर सुविधाओं के साथ छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश के प्रमुख गोल्फ केंद्रों में अपनी जगह बना सकता है।