होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़-ओडिशा के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर, महानदी विवाद के समाधान की...

छत्तीसगढ़-ओडिशा के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर, महानदी विवाद के समाधान की उम्मीद

0

रायपुर/भुवनेश्वर, 20 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण तथा दोनों राज्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई।

      मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा केवल पड़ोसी राज्य ही नहीं हैं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से भी दोनों के बीच गहरे संबंध हैं। दोनों राज्यों के बीच कई ऐसे साझा विषय हैं, जिन पर मिलकर काम करने से विकास की नई संभावनाएं खुल सकती हैं।

     उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ हुई चर्चा में दोनों राज्यों के बीच आपसी संवाद और सहयोग को और मजबूत करने तथा उपलब्ध विकास संभावनाओं को जनता के हित में आगे बढ़ाने को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

महानदी जल विवाद के समाधान की उम्मीद

     मुख्यमंत्री साय ने महानदी जल विवाद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय से चले आ रहे इस मुद्दे के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा, दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जबकि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार है।

      मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से महानदी जल विवाद का शीघ्र समाधान निकलने की उम्मीद है। उन्होंने संकेत दिया कि आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से इस लंबे समय से लंबित विषय को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

      दोनों मुख्यमंत्रियों की मुलाकात को छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच अंतरराज्यीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों राज्यों के साझा हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद और समन्वय से क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की संभावना है।