होम ब्रेकिंग न्यूज राहुल गांधी का ‘वोट चोरी’ पर बड़ा हमला, BJP-RSS और चुनाव आयोग...

राहुल गांधी का ‘वोट चोरी’ पर बड़ा हमला, BJP-RSS और चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

0

नई दिल्ली, 23 सितंबर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ी कथित अनियमितताएं संविधान पर सीधा हमला हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के दायरे में लाया जाएगा।

     राहुल गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “वोट चोरी भारतीय लोगों के खिलाफ अपराध है और हमारे संविधान पर सीधा हमला है।” उन्होंने आरोप लगाया कि BJP, RSS और निर्वाचन आयोग ने ऐसा कृत्य किया है, जिसे उन्होंने ‘देशद्रोह’ बताया। राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में न्याय होकर रहेगा।

       कांग्रेस नेता ने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। राहुल गांधी लंबे समय से मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।

       राहुल गांधी की ताजा टिप्पणी ऐसे समय आई है जब निर्वाचन आयोग के भीतर कथित मतभेदों को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की 23 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कीं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन आपत्तियों में नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटाने, मतदाता डेटा तक पहुंच और प्रक्रियागत बदलावों से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे।

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी बुधवार को इस मुद्दे को लोकतंत्र के लिए गंभीर बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं होते हैं तो चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर क्या असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यदि निर्वाचन आयुक्तों को चुनावी प्रक्रिया से जुड़े किसी मुद्दे की जानकारी थी और उन्होंने उसके बारे में सवाल उठाए थे, तो यह गंभीर विषय है।