होम छत्तीसगढ़ चुनाव आयोग में मतभेद पर कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना

चुनाव आयोग में मतभेद पर कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना

0

रायपुर, 23 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवाल अब सही साबित हो रहे हैं।

     श्री शुक्ला ने आज यहां जारी बयान में कहा कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से एसआईआर तथा मतदाता सूची से संबंधित फैसलों पर दर्ज कराई गई आपत्तियों से चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में कम-से-कम 14 मौकों पर मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने और बहाल करने सहित चुनावी प्रक्रिया से जुड़े फैसलों पर लिखित आपत्तियां दर्ज कीं।

     कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि आयोग के भीतर ही दो चुनाव आयुक्तों ने इतने अवसरों पर आपत्ति दर्ज कराई और उनकी चिंताओं को नजरअंदाज किया गया, तो इससे चुनाव आयोग की निर्णय प्रक्रिया और उसकी पारदर्शिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि आयोग का काम सामूहिक निर्णय प्रक्रिया के आधार पर होता है, ऐसे में दो आयुक्तों की लगातार आपत्तियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

      शुक्ला ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने करीब 15 महीने पहले चुनाव प्रक्रिया में कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया था और अब चुनाव आयोग के भीतर से सामने आई आपत्तियों ने उन सवालों को फिर बहस के केंद्र में ला दिया है।