होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में ऑरेंज और येलो...

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

0

रायपुर, 25 सितंबर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है।

    मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए बस्तर, बीजापुर और कोंडागांव समेत कुछ इलाकों में बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

     मौसम विभाग के अनुसार, बलौदाबाजार, कबीरधाम, बेमेतरा, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

     वहीं, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही शामिल हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

     मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। आकाशीय बिजली की आशंका के दौरान लोगों को खुले मैदान, खेतों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। बारिश और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने को भी कहा गया है।

     किसानों और वाहन चालकों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। तेज बारिश के कारण सड़कों पर दृश्यता प्रभावित हो सकती है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

     लगातार बारिश और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए बस्तर संभाग के कई जिलों में विशेष सावधानी बरती जा रही है। बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और कोंडागांव में मौसम की स्थिति को देखते हुए स्थानीय स्तर पर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुछ क्षेत्रों में स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।