होम खास ख़बर हड़ताल टली, सामान्य हुई बैंकिंग सेवाएं

हड़ताल टली, सामान्य हुई बैंकिंग सेवाएं

0

नई दिल्ली, 28 सितंबर। भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के शीर्ष पदाधिकारियों के बीच रविवार देर रात हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद प्रस्तावित बैंक हड़ताल टाल दी गई है।

       लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर आगे वार्ता जारी रखने पर सहमति जताई। इसके बाद UFBU ने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों और तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान वापस लेने का निर्णय लिया है।

       बैठक में सभी शनिवार को बैंक अवकाश किए जाने की लंबे समय से लंबित मांग पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इस मुद्दे पर तत्काल एक संयुक्त समिति गठित करने का फैसला लिया गया है। समिति पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने से जुड़े सभी विकल्पों का अध्ययन करेगी और ग्राहकों के हितों तथा बैंकिंग सेवाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अपनी सिफारिश देगी।

       बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के बैंक अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना में बदलाव के मुद्दे पर भी बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी। यूनियन पक्ष की चिंताओं को आगे सरकार के समक्ष रखने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

       इसके अलावा 8 मार्च 2024 को हुई बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा कर उन्हें जल्द सुलझाने का निर्णय लिया गया। दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत को प्रस्तावित आंदोलन समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

       UFBU की ओर से जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, बैठक में बनी सहमति के बाद पहले घोषित विरोध कार्यक्रम और तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को वापस ले लिया गया है। इससे देशभर में बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका फिलहाल टल गई है।

       हड़ताल वापस लिए जाने के बाद सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज शुरू हो गया है। ग्राहकों को चेक क्लीयरेंस, नकद लेन-देन, जमा-निकासी और अन्य शाखा संबंधी सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ऑनलाइन लेन-देन जैसी सेवाएं भी नियमित रूप से जारी रहेंगी।