रायपुर, 29 सितम्बर। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की महत्वाकांक्षी ‘प्रगति-50’ (PRAGATI-50) योजना में छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर को शामिल किया गया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना का शुभारंभ किया।
देश के चयनित 50 शहरों में रायपुर और बिलासपुर के शामिल होने से राज्य के नगरीय विकास और स्वच्छता प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू नई दिल्ली से कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव राजनांदगांव से वर्चुअली जुड़े।
‘प्रगति-50’ के तहत स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत चयनित शहरों में घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का वैज्ञानिक पृथक्करण एवं प्रसंस्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं और शहरों की साफ-सफाई को और बेहतर बनाया जाएगा।
योजना में उपयोग किए गए जल के उपचार, पुन: उपयोग और बेहतर प्रबंधन पर भी विशेष जोर रहेगा। साथ ही नागरिकों, संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने तथा निर्धारित मानकों के आधार पर शहरों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा और निगरानी की जाएगी।
केंद्र सरकार चयनित शहरों को तकनीकी सहयोग, मार्गदर्शन और निगरानी उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर-बिलासपुर के चयन पर दोनों नगर निगमों, स्वच्छता मित्रों और शहरवासियों को बधाई दी है।




