रायपुर, 30 सितंबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़े वर्गों के कल्याण संबंधी समिति ने बुधवार को रायपुर जिले के विभिन्न छात्रावासों का स्थल निरीक्षण किया।
समिति के सभापति एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले के नेतृत्व में सदस्यों ने शंकर नगर स्थित पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग गर्ल्स हॉस्टल तथा कालीबाड़ी स्थित पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति छात्रावास का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने छात्रावास में रह रही छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं ने छात्रावास से संबंधित विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से समिति को अवगत कराया।
समिति ने छात्रावासों में भोजन, आवास, स्वच्छता सहित उपलब्ध अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया। छात्राओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। समिति ने छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का समुचित लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर समिति के सदस्य चैतराम अटामी, रामकुमार यादव, शकुन्तला सिंह पोर्ते और यशोदा निलाम्बर वर्मा उपस्थित रहे। विशेष आमंत्रित सदस्यों सुनील सोनी एवं पुरन्दर मिश्रा तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा भी निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।




