लखनऊ, 04 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को विपक्षी गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रही अटकलों के बीच कहा कि गठबंधन में किस दल को कितनी सीटें मिलती हैं, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो। उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए विपक्षी दलों से एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया।
श्री यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए विपक्षी एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने शायराना अंदाज में लिखा, “मक़सद जब साफ़ हो तो हाथ-में-हाथ होता है! निगाह मंज़िल पर हो तो सफ़र आसान होता है!”उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों की संख्या या कौन-सी सीट किस दल के हिस्से में जाती है, यह सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि सभी सहयोगी दल मिलकर यह सुनिश्चित करें कि जीत गठबंधन की हो।
सपा अध्यक्ष ने दोहराया, “बात सीट की नहीं जीत की है।” उन्होंने कहा कि यह जीत केवल विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों की जीत नहीं होगी, बल्कि उस सामूहिक प्रयास की सफलता होगी जो लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है।
श्री यादव ने कहा कि विपक्षी दलों की एकजुटता का उद्देश्य व्यापक है और इसमें साम्प्रदायिकता को दोबारा सिर उठाने से रोकने के लिए संयुक्त प्रयास भी शामिल है। उन्होंने सहयोगी दलों के बीच आपसी समन्वय और साझा लक्ष्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।




