होम छत्तीसगढ़ तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा, सीएम साय ने दूर किया भ्रम

तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा, सीएम साय ने दूर किया भ्रम

0

रायपुर, 8 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि चौक का नाम नहीं बदला जाएगा। इसकी पहचान और मूल स्वरूप यथावत रहेंगे। केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप इसका विकास किया जाएगा।

       मुख्यमंत्री श्री साय ने आज यहां मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश में 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। इस योजना में रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। तेलीबांधा चौक का नाम पूर्ववत रहेगा और इसके मूल स्वरूप में भी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

        मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को और मजबूत करना है।

         श्री साय ने कहा कि वे आज दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और उनके आर्थिक संबल को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

         उन्होने कहा कि दुर्ग जिले को इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात भी मिलेगी। राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।