रायपुर/नई दिल्ली, 08 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के नवीन विधानसभा भवन के सौंदर्यीकरण को भारतीय कला, संस्कृति और स्थापत्य परंपरा के अनुरूप आकर्षक स्वरूप देने के उद्देश्य से गठित विधायकों की समिति ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित नए संसद भवन (सेंट्रल विस्टा) का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं और कलात्मक विशेषताओं का अवलोकन किया।
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा गठित इस समिति ने नए संसद भवन में आधुनिक तकनीक के उपयोग के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत और स्थापत्य कला के समन्वय का अध्ययन किया। समिति के सदस्यों ने भवन के आंतरिक हिस्सों में प्रदर्शित विभिन्न राज्यों की चित्रकला, मूर्तिकला, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाकृतियों का अवलोकन किया। संसद भवन में भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रतीकों के व्यापक उपयोग को देखते हुए समिति ने नवीन छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन के सौंदर्यीकरण के संदर्भ में विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर समिति के सभापति एवं वरिष्ठ विधायक धरम लाल कौशिक, समिति के सदस्य अजय चंद्राकर,धरमजीत सिंह, राघवेन्द्र सिंह और श्रीमती भावना वोहरा उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अभियंता अश्वनी मित्तल तथा लोकसभा एवं राज्यसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद थे।
समिति ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सदस्य सचिव श्री सच्चिदानंद जोशी के साथ भी बैठक की। बैठक में नवीन छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन के सौंदर्यीकरण और उसमें भारतीय कला, सांस्कृतिक विरासत तथा पारंपरिक स्थापत्य शैली के समावेश को लेकर विचार-विमर्श किया गया।




