होम खेल जगत राज्यपाल रमेन डेका ने किया राज्य स्तरीय जूडो चैंपियनशिप का शुभारंभ

राज्यपाल रमेन डेका ने किया राज्य स्तरीय जूडो चैंपियनशिप का शुभारंभ

0

बिलासपुर, 9 अक्टूबर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि जूडो केवल खेल नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन, आत्मसंयम और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। विशेषकर बालिकाओं के लिए यह आत्मरक्षा और मानसिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है।

      राज्यपाल शुक्रवार को सरकंडा स्थित खेल परिसर में 26वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं कैडेट जूडो चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ कर रहे थे। छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के तत्वावधान में बिलासपुर जूडो संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 जिलों से 240 खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं।

       राज्यपाल ने खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीत में विनम्रता और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ एशियाई खेलों एवं ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

        इस अवसर पर उन्होंने कोंडागांव जिले की जूडो खिलाड़ियों योगिता मंडावी, हेमवती नाग और रंजीता कोरेटी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्हें युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। समारोह में राज्यपाल ने जूडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हेमवती नाग, अभिषेक जायसवाल, शारदा गोस्वामी और योगिता मंडावी को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।