होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में पेंशनरों की समस्याओं पर 15 अक्टूबर को अहम बैठक

छत्तीसगढ़ में पेंशनरों की समस्याओं पर 15 अक्टूबर को अहम बैठक

0

रायपुर, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में पेंशनरों की लंबित समस्याओं के निराकरण और उनके हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए राज्य सरकार ने 15 अक्टूबर को अहम बैठक बुलाई है। बैठक स्थित इंद्रावती भवन के पेंशन एवं भविष्य निधि संचालनालय में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में पेंशन एवं भविष्य निधि के संयुक्त संचालक बी.जी. काले ने पत्र जारी किया है।

         बैठक में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव सहित प्रदेश के विभिन्न पेंशनर संगठनों के प्रांताध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। बैठक की अध्यक्षता पेंशन एवं भविष्य निधि के संचालक एस. जयवर्धन (आईएएस) करेंगे।

          महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बैठक के निर्धारित एजेंडे में पेंशनरों से संबंधित पांच प्रमुख मुद्दों को शामिल किया गया है। इनमें पेंशनर्स कल्याण मंडल का गठन, छत्तीसगढ़ पेंशनर्स कल्याण निधि नियम, 1997 में प्रभावी संशोधन कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार, संशोधित पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) ऑनलाइन उपलब्ध कराना, लंबित पेंशन एवं परिवार पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण तथा पेंशनरों के लिए प्रभावी शिकायत निवारण एवं संवाद व्यवस्था विकसित करना शामिल है।

       नामदेव ने बैठक को पेंशनरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि इसमें उठाए जाने वाले मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए जाएंगे। साथ ही, लंबित मामलों के निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।