छत्तीसगढ़ को समर्पित वेबपोर्टल सेंट्रल ग्राउंड न्यूज(www.cgnews.in) आज, 14 अक्टूबर को अपनी स्थापना के 19 वर्ष पूरे कर रहा है। 14 अक्टूबर 2007 को तत्कालीन मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ के वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस वेबपोर्टल का शुभारंभ किया था। तब से लेकर आज तक यह पोर्टल निरंतर अपने पाठकों तक छत्तीसगढ़ सहित देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने का दायित्व निभा रहा है।
छत्तीसगढ़ का पहला नियमित समाचार वेबपोर्टल
CGNews.in छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा वेबपोर्टल है, जिसने राज्य की खबरों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों को नियमित रूप से ऑनलाइन उपलब्ध कराने की परंपरा शुरू की। अपनी नियमित अपडेट व्यवस्था, विश्वसनीय समाचारों और समसामयिक विषयों पर केंद्रित सामग्री के कारण इसने बड़े समाचार वेबपोर्टलों के समकक्ष अपनी पहचान बनाई है।
वर्ष 2007 में जब इस वेबपोर्टल की शुरुआत हुई, तब इंटरनेट पर हिंदी समाचारों की दुनिया आज की तरह विकसित नहीं हुई थी। उस समय कई प्रमुख समाचार पत्रों की अपनी वेबसाइट तक नहीं थी और हिंदी में यूनिकोड का इस्तेमाल भी सीमित था। ऐसे दौर में CGNews.in ने शुरुआत से ही यूनिकोड को अपनाया। इससे हिंदी समाचारों को ऑनलाइन पढ़ने और गूगल जैसे सर्च इंजन के माध्यम से पाठकों तक पहुंचाने में मदद मिली। यह पहल हिंदी डिजिटल पत्रकारिता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
बदलते समय के साथ निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास
डिजिटल पत्रकारिता में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच CGNews.in का प्रयास लगातार अपनी सामग्री, समाचारों की संख्या और प्रस्तुति को बेहतर बनाने का रहा है। पिछले कुछ महीनों में पोर्टल पर प्रकाशित होने वाली खबरों की संख्या में भी वृद्धि की गई है, ताकि पाठकों को अधिक से अधिक महत्वपूर्ण घटनाक्रमों से समय पर अवगत कराया जा सके।
इस यात्रा में पाठकों का विश्वास, सहयोगियों का समर्थन और तकनीकी टीम का योगदान हमारी सबसे बड़ी ताकत रहा है। वेबपोर्टल को निरंतर आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए हम छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग और जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के विशेष रूप से आभारी हैं।
लेखकों और तकनीकी सहयोगियों के प्रति आभार
समसामयिक विषयों पर नियमित आलेखों के माध्यम से वैचारिक और सामाजिक विमर्श को समृद्ध करने वाले जाने-माने समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर तथा उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार राज खन्ना के प्रति भी हम विशेष आभार व्यक्त करते हैं। उनके लेख पाठकों को महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार करने और व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इसी तरह, वेबपोर्टल को तकनीकी रूप से सुचारु बनाए रखने और निरंतर बेहतर बनाने में सहयोग दे रहे श्री रंजीत गुप्ता तथा प्रभात मीडिया क्रिएशन की पूरी तकनीकी टीम के प्रति भी हम कृतज्ञ हैं। इनके निरंतर सहयोग से पोर्टल की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।
पाठकों के विश्वास के साथ आगे भी जारी रहेगी यात्रा
CGNews.in की 19 वर्षों की यह यात्रा केवल एक वेबपोर्टल के विकास की कहानी नहीं, बल्कि खबरों को डिजिटल माध्यम से पाठकों तक पहुंचाने के निरंतर प्रयास की यात्रा भी है। बदलती तकनीक और समाचारों के तेजी से बदलते स्वरूप के बीच हमारा प्रयास रहेगा कि पाठकों को अधिकाधिक विश्वसनीय, प्रासंगिक और समयबद्ध समाचार उपलब्ध कराए जाएं।
इस अवसर पर हम अपने सभी पाठकों, समाचार सहयोगियों, लेखकों, विज्ञापनदाताओं और तकनीकी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। हमें उम्मीद है कि उनका स्नेह और सहयोग आगे भी मिलता रहेगा और CGNews.in छत्तीसगढ़ की खबरों को व्यापक पहचान दिलाने तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने की अपनी यात्रा निरंतर जारी रखेगा।
अशोक कुमार साहू
सम्पादक
CGNEWS.IN




