रायपुर, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर में यश फैन्स की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया। ₹152.74 करोड़ के निवेश से स्थापित होने वाली इस इकाई से 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। यह छत्तीसगढ़ की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई होगी।
मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत रोजगार देने वाले उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
यश फैन्स की नई इकाई में क्रॉम्पटन, हैवेल्स, उषा और मिल्टन जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के लिए इलेक्ट्रिक पंखे और किचन एप्लायंसेस बनाए जाएंगे। परियोजना में छत्तीसगढ़ में उत्पादित स्टील और एल्युमिनियम का उपयोग होने से स्थानीय संसाधनों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पैकेजिंग, परिवहन और कल-पुर्जों की आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में भी व्यवसाय के अवसर बढ़ेंगे।
यश फैन्स के चेयरमैन रितेश नरेडी ने कहा कि कच्चे माल की उपलब्धता, प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, कुशल मानव संसाधन और राज्य सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ विनिर्माण के लिए उपयुक्त स्थान है। हैदराबाद स्थित कंपनी वर्तमान में हैदराबाद और हिमाचल प्रदेश में 12 विनिर्माण इकाइयां संचालित कर रही है। नवा रायपुर में स्थापित होने वाली इकाई छत्तीसगढ़ में कंपनी की पहली इकाई होगी।
इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।




