होम छत्तीसगढ़ जिंदल स्टील को वर्ल्डस्टील का प्रतिष्ठित स्टीली अवॉर्ड

जिंदल स्टील को वर्ल्डस्टील का प्रतिष्ठित स्टीली अवॉर्ड

0

रायपुर/नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। जिंदल स्टील लिमिटेड ने कार्यस्थल पर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी को अपने सुरक्षा कार्यक्रम ‘दक्षता इंजीनियरिंग सेफ्टी’ के लिए वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन (वर्ल्डस्टील) का प्रतिष्ठित 2026 स्टीली अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन पीपल प्रदान किया गया है।

     नई दिल्ली में आयोजित 17वें स्टीली अवॉर्ड्स समारोह में कंपनी को यह सम्मान मिला। चीन बाओवू, इन्फ्राबिल्ड, टाटा स्टील और यूएसिमिनास जैसी प्रमुख कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा में स्वतंत्र विशेषज्ञों की समिति ने जिंदल स्टील को विजेता घोषित किया।

कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति सक्षम बनाना कार्यक्रम का उद्देश्य

     ‘दक्षता इंजीनियरिंग सेफ्टी’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्य की प्रकृति के अनुरूप सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित करना है। इस पहल में प्रशिक्षण की पूर्णता के साथ कर्मचारियों के सुरक्षा संबंधी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता और सुरक्षित कार्य व्यवहार का भी आकलन किया जाता है।

      कंपनी के छह कार्यस्थलों पर इस कार्यक्रम से 27,100 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को जोड़ा गया है। इसके अंतर्गत 16,539 नए कर्मचारियों का सुरक्षा आकलन किया गया। वहीं, 69 प्रमाणित प्रशिक्षकों के माध्यम से सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, सुरक्षा और पर्यावरण (एचएसई) से जुड़े 372 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में प्रशिक्षण पूरा करने की दर 96 प्रतिशत रही।

रायपुर मशीनरी डिवीजन में तकनीक से मजबूत हुई सुरक्षा व्यवस्था

      जिंदल स्टील के रायपुर मशीनरी डिवीजन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कार्यस्थल निरीक्षण, डिजिटल जोखिम विश्लेषण और व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया गया है।

     वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान डिवीजन में 17,752 सुरक्षा निरीक्षण किए गए। इस दौरान 379 उच्च जोखिम वाले कार्यों को समाप्त किया गया या मशीनों के माध्यम से अधिक सुरक्षित बनाया गया। इन प्रयासों का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना और कर्मचारियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है।

      इसी अवधि में आपातकालीन प्रतिक्रिया समय में 15 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया, जिसके बाद यह घटकर 5.25 मिनट रह गया। इसके अलावा, रायपुर मशीनरी डिवीजन ने एलटीआईएफआर (लॉस्ट टाइम इंजरी फ्रीक्वेंसी रेट) 0.00 हासिल किया। यह उपलब्धि कार्यस्थल पर ऐसी चोटों की रोकथाम के प्रति कंपनी के प्रयासों को दर्शाती है, जिनके कारण कर्मचारियों को काम से अनुपस्थित रहना पड़े।