होम छत्तीसगढ़ सड़कों की बदहाली पर दीपक बैज ने सरकार को घेरा, भ्रष्टाचार के...

सड़कों की बदहाली पर दीपक बैज ने सरकार को घेरा, भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

0

रायपुर, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में सड़कों की बदहाली को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर से लेकर बस्तर और सरगुजा तक सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। पीडब्ल्यूडी में कथित कमीशनखोरी और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के कारण जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।

    श्री बैज ने आज जारी बयान में कहा कि सरकार के सुशासन और विकास के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते। खराब सड़कों से सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है, वहीं परिवहन, व्यापार और आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के नाम पर टेंडर तो जारी हो रहे हैं, लेकिन गुणवत्ता की निगरानी नहीं की जा रही है।

     कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सड़क सुधार के लिए सरकार की ओर से तय 15 अक्टूबर की समयसीमा पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अब तक कितनी सड़कों की मरम्मत पूरी हुई है। उन्होंने घटिया निर्माण सामग्री के लिए जिम्मेदार कंपनियों और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने तथा मरम्मत के लिए जारी करोड़ों रुपये के इस्तेमाल का हिसाब भी मांगा।

     श्री बैज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और लोक निर्माण मंत्री से सड़कों की बदहाली की जिम्मेदारी तय करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर चुप नहीं बैठेगी।