रायपुर, 19 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा के अभियान पर निशाना साधते हुए इसे ‘चोर मचाए शोर’ अभियान करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के मामले में सवाल उठने पर भाजपा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बचाव में उतर आई है। यह वोटर लिस्ट से नाम काटने के कथित षड्यंत्र को संरक्षण देने का प्रयास है।
श्री शुक्ला ने आज यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के नाम पर गरीबों, किसानों, मजदूरों और आदिवासियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में छह लाख मतदाताओं को मृत और 19 लाख से अधिक को स्थानांतरित बताकर सूची से बाहर किया गया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मतदाता सूची में सुधार के नाम पर कथित तौर पर बिना उचित सत्यापन और पूर्व सूचना के नाम काटे जा रहे हैं। इससे रोजगार के लिए पलायन करने वाले मजदूरों, आदिवासियों और ग्रामीण मतदाताओं के मतदान के संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में एसआईआर प्रक्रिया के जरिए 13 करोड़ 30 लाख से अधिक लोगों के मतदान अधिकार छिनने का दावा गंभीर चिंता का विषय है। शुक्ला ने कहा कि भाजपा को इन आरोपों पर जवाब देना चाहिए और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।




