रायपुर, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में कल दो महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत होगी। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी। वहीं, रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। ताड़ोकी–रावघाट रेल लाइन और अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा।
दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण पूरा हो गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेलखंड का काम पूरा होने के साथ ही यह परियोजना पूर्ण हुई है। इससे दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता खुल गया है।
रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होने से स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन तथा भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की जरूरतों को पूरा करने में रेल लाइन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इसी तरह, अभनपुर–कुरूद के बीच 22 किलोमीटर लंबी ब्रॉडगेज रेल लाइन का काम पूरा हो चुका है। इसके उद्घाटन से क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार और दैनिक परिवहन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। अभनपुर–राजिम रेलखंड पर गेज परिवर्तन के बाद यात्री सेवाएं पहले ही शुरू की जा चुकी हैं, जबकि कुरूद–धमतरी रेलखंड का काम जारी है।
रायपुर में स्थापित होने वाली इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित की जाएगी। इससे इंजनों की उपलब्धता बढ़ाने, रखरखाव व्यवस्था मजबूत करने और रेल परिचालन को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। यह सुविधा बढ़ती माल परिवहन जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
रायपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, बृजमोहन अग्रवाल और रूपकुमारी चौधरी, विधायक पुरन्दर मिश्रा, सुनील सोनी, राजेश मूणत और मोतीलाल साहू तथा महापौर मीनल चौबे उपस्थित रहेंगी। वहीं, रावघाट स्टेशन पर सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।




