होली से पहले किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि: मंत्रिपरिषद का बड़ा फैसला


रायपुर 11 फरवरी।छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद ने राज्य के किसानों को बड़ी राहत देते हुए समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले कृषकों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मूल्य अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की यह राशि सीधे किसानों के खातों में अंतर के रूप में जारी की जाएगी।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक है।
उल्लेखनीय है कि बीते दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान के मूल्य अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष होली से पूर्व 10 हजार करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी होने से यह कुल आंकड़ा बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा।
बैठक में इसके अलावा छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा के अष्टम सत्र (फरवरी-मार्च 2026) के लिए राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप का अनुमोदन किया गया। साथ ही वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान को विधानसभा में प्रस्तुत करने हेतु छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को भी स्वीकृति प्रदान की गई।




