
रायपुर, 17 फरवरी।वरिष्ठ भाजपा नेता एवं रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों के साथ रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र के अन्य सांसदों और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
सांसद ने स्पष्ट कहा कि छत्तीसगढ़ रेलवे को सर्वाधिक राजस्व देने वाले राज्यों में शामिल है, इसलिए प्रदेशवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और समयबद्ध रेल सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है।
तीन नई वंदे भारत ट्रेनों का प्रस्ताव
बैठक में सांसद ने छत्तीसगढ़ से नई वंदे भारत ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा। उन्होंने निम्नलिखित ट्रेनों के लिए बोर्ड को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए—
- रायपुर–नई दिल्ली वंदे भारत (स्लीपर): राजधानी दिल्ली के लिए स्लीपर कोच वाली वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग। इस संबंध में सांसद ने रेल मंत्री से स्वयं चर्चा करने की बात कही।
- बिलासपुर–रायपुर–पुरी वंदे भारत: धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से इस मार्ग को महत्वपूर्ण बताते हुए वंदे भारत की आवश्यकता जताई।
- रायपुर–जबलपुर वंदे भारत: छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए।
इसके अलावा दुर्ग-अंबिकापुर नई ट्रेन, बिलासपुर-गोवा सीधी ट्रेन और बिलासपुर-नाथद्वारा के बीच नई सेवा शुरू करने की भी मांग की गई।
ट्रेनों के विस्तार और ठहराव पर जोर
जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए सांसद ने कई ट्रेनों के विस्तार, समय परिवर्तन और नियमित संचालन पर भी निर्देश दिए—
- विशाखापट्टनम-दुर्ग वंदे भारत के समय में बदलाव की मांग
- समता एक्सप्रेस को हरिद्वार तक बढ़ाने का प्रस्ताव
- जम्मूतवी एक्सप्रेस को अमृतसर होकर चलाने का सुझाव
- भगत की कोठी एवं दल्लीराजहरा-दुर्ग ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की मांग
- मुंबई-नागपुर और नागपुर-पुणे ट्रेनों का बिलासपुर तक विस्तार
- भाटापारा स्टेशन पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने के निर्देश
अमृत भारत स्टेशन योजना पर नाराजगी
रायपुर और दुर्ग स्टेशनों पर ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की धीमी गति पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने ड्राइंग-डिजाइन अप्रूवल में देरी और निर्माण कार्यों में लेटलतीफी पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए।
इसके साथ ही—
- सरोना, मंदिर हसौद और WRS स्टेशनों को भविष्य के जंक्शन के रूप में विकसित करने की योजना
- रायपुर मंडी गेट, कचना और जोरा में प्रस्तावित अंडरपास की ऊंचाई और चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश
- सरोना, भिलाई, हथबंद और निपनिया स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों को अप्रैल से जून तक हर हाल में पूरा करने की समय सीमा तय
बस्तर अंचल को प्राथमिकता
बैठक में बस्तर क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद ने कहा कि रेलवे केवल लाभ कमाने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का जरिया है।
उन्होंने जगदलपुर-दुर्ग रेल लाइन को पुनः प्रारंभ करने तथा बस्तर में भूमि देने वाले प्रभावित परिवारों को नौकरी या रोजगार देने की मांग रखी।
स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्थानीय सुविधाओं पर निर्णय
बैठक में कई जनहितकारी निर्णय भी लिए गए—
- रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और राजनांदगांव स्टेशनों पर एम्बुलेंस सेवा और डॉक्टरों की तैनाती
- सभी प्रमुख स्टेशनों पर महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ‘गढ़ कलेवा’ केंद्र खोलने की योजना
- बड़े स्टेशनों पर पोस्ट ऑफिस के जरिए टिकट सुविधा और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश
बैठक में सांसद श्री भोजराज नाग, श्री महेश कश्यप, श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, प्रतिनिधि DRM श्री तरुण प्रकाश तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि रैक की कमी या व्यावसायिक घाटे का हवाला देकर छत्तीसगढ़ की जनता को सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता। सभी प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को शीघ्र भेजे जाएं, आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं रेल मंत्री से चर्चा कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India