MainSlideखास ख़बरब्रेकिंग न्यूजराजनीतिराज्य

सम्राट चौधरी बने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री, भाजपा को पहली बार मिली कमान

पटना, 15 अप्रैल।बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी ने आज राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली। उन्हें राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनी है।

      शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दलों की भी भागीदारी देखने को मिली। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से वरिष्ठ नेता बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस तरह नई सरकार में भाजपा और जदयू के बीच संतुलन साधने की कोशिश की गई है।

      इससे पहले मंगलवार को सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। नेता चुने जाने के बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने पटना स्थित पंचरूप हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और फिर लोक भवन पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।

      शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा, जदयू समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

     वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देते समय उन्होंने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक बिहार की सेवा की है और अब नई सरकार को पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देंगे।

     गौरतलब है कि बिहार विधानसभा में एनडीए गठबंधन के पास कुल 202 विधायकों का समर्थन है, जिससे नई सरकार मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। नई सरकार के सामने अब विकास, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर तेजी से काम करने की चुनौती होगी।

Related Articles

Back to top button