MainSlideछत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूजराज्य

सक्ती वेदांता पावर प्लांट हादसा: मौत का आंकड़ा 16 पहुंचा, कई मजदूर लापता

सक्ती, 15 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। पहले दिन 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि इलाज के दौरान 7 और घायलों ने दम तोड़ दिया।

    हादसे में 35 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। घायलों का इलाज रायगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में जारी है। अत्यधिक झुलसने के कारण अधिकांश मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

    दुर्घटना के बाद कई मजदूरों के लापता होने की खबर सामने आ रही है। इसको लेकर पीड़ित परिवारों ने धरना शुरू कर दिया है। उनका आरोप है कि प्लांट प्रबंधन गायब मजदूरों की जानकारी देने में सहयोग नहीं कर रहा है।

    घटना के बाद राज्य सरकार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, कंपनी प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को 15-15 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

     इसके अलावा, प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।

      पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के अनुसार, यह हादसा डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव स्थित संयंत्र में हुआ, जहां बॉयलर के ट्यूब में अचानक विस्फोट हो गया। घटना के समय प्लांट में बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत थे, जिससे हताहतों की संख्या अधिक हो गई।

      सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button