होम छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा में कांग्रेस नेता के घर फायरिंग: एक बेटे की मौत, दूसरा...

जांजगीर-चांपा में कांग्रेस नेता के घर फायरिंग: एक बेटे की मौत, दूसरा घायल

0

जांजगीर-चांपा, 24 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक स्थानीय कांग्रेस नेता के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें उनके एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव की है, जहां रात करीब 12:30 बजे तीन नकाबपोश हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे। हमलावर सीधे सम्मेलाल कश्यप के घर में घुस गए और उनके बेटों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, इस हमले में 19 वर्षीय आयुष कश्यप को सीने में दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय आशुतोष कश्यप के हाथ में गोली लगी है। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सम्मेलाल कश्यप सीमेंट और रेत के कारोबारी होने के साथ ही कांग्रेस की ब्लॉक इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस हमले के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है।