नई दिल्ली, 24 अप्रैल।आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी से अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह ऐलान किया। इस दौरान उनके साथ पार्टी के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चड्ढा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और विचारधारा से भटक चुकी है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के लगभग दो-तिहाई राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे चुके हैं और एक समूह के रूप में जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि ये नेता आज ही भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात कर सकते हैं।
चड्ढा ने भावुक अंदाज में कहा कि उन्होंने अपने 15 साल और पूरी ऊर्जा पार्टी को समर्पित की, लेकिन अब पार्टी राष्ट्रहित की बजाय निजी स्वार्थों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, “मुझे पिछले कुछ वर्षों से महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं, इसलिए आज मैं ‘आप’ से अलग होकर जनता के बीच लौट रहा हूं।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्यसभा में ‘आप’ के कुल 10 सदस्यों में से 7 ने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया है। चड्ढा के अनुसार,पार्टी की बागी नेता स्वाति मालीवाल और पूर्व क्रिकेटर से सांसद बने हरभजन सिंह सहित कई सदस्य इस फैसले का हिस्सा हैं।
इस घटनाक्रम से आम आदमी पार्टी के भीतर बड़े राजनीतिक संकट के संकेत मिल रहे हैं और आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजनीति में इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है।




