होम खास ख़बर पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर 2 मई को पुनर्मतदान, आयोग का...

पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर 2 मई को पुनर्मतदान, आयोग का आदेश

0


कोलकाता, 01 मई। निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में चुनावी अनियमितताओं की शिकायतों के बाद दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर 2 मई को पुनर्मतदान कराने का निर्देश जारी किया है।

आयोग के आदेश के अनुसार, मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के 4 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। पुनर्मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि इन दोनों क्षेत्रों में 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट तथा मौके की परिस्थितियों का आकलन करने के बाद यह निर्णय लिया है।

भारतीय जनता पार्टी ने डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के कुछ बूथों पर बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया था। यह क्षेत्र तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से जुड़ा हुआ है। शिकायतों की जांच के लिए आयोग ने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था।