होम ब्रेकिंग न्यूज पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, 90% से ज्यादा...

पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, 90% से ज्यादा वोटिंग की संभावना

0


कोलकाता, 02 मई। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों पर शनिवार को कराए गए पुनर्मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे खत्म हुई। पूरे मतदान के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस की कड़ी निगरानी रही, जिससे किसी बड़ी घटना की खबर नहीं आई। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की झड़प और आरोप-प्रत्यारोप जरूर देखने को मिले।

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अनुसार, शाम 5 बजे तक इन 15 मतदान केंद्रों पर औसतन 86.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मगराहाट (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों पर 86.11 फीसदी वोटिंग हुई, जबकि डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 केंद्रों पर 87.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

   अधिकारियों का अनुमान है कि अंतिम मतदान प्रतिशत 90 फीसदी से अधिक रह सकता है, जो पुनर्मतदान के लिहाज से काफी ऊंचा आंकड़ा माना जाता है। जिन बूथों पर पुनर्मतदान हुआ, उनमें मगराहाट (पश्चिम) के 11 और डायमंड हार्बर के 4 मतदान केंद्र शामिल हैं।

   गौरतलब है कि इस बार राज्य में दो चरणों 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को हुए मतदान में भी रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली थी। दोनों चरणों में औसत मतदान प्रतिशत करीब 93 फीसदी तक पहुंच गया, जिसे राज्य के इतिहास में सबसे अधिक बताया जा रहा है। इससे पहले 2011 के विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा मतदान दर्ज हुआ था, जब वाम मोर्चा सरकार का अंत हुआ और ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आई थी।

 अब सभी की नजरें 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।