होम छत्तीसगढ़ महादेव एप पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला

महादेव एप पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला

0

रायपुर, 10 मई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने महादेव सट्टा एप को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में महादेव सट्टा एप देशभर में खुलेआम संचालित हो रहा है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक तथा इंस्टाग्राम पर इसके विज्ञापन लगातार दिखाई दे रहे हैं।

    उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राज्य और केंद्र सरकार को इन विज्ञापनों की जानकारी नहीं है। शुक्ला ने कहा कि सरकार आम नागरिकों की सोशल मीडिया पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई कर सकती है, लेकिन महादेव सट्टा एप के प्रचार को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा कारोबार भाजपा सरकार के संरक्षण में चल रहा है।

      कांग्रेस नेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने महादेव एप को लेकर तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर लगातार आरोप लगाए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपा के कई नेताओं ने चुनावी सभाओं में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अब जबकि प्रदेश और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार है, तब भी महादेव एप का संचालन और प्रचार जारी है।

     सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए ढाई साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक महादेव एप से जुड़े प्रमुख आरोपियों रवि उप्पल, सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी को गिरफ्तार कर भारत नहीं लाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शुभम सोनी का वीडियो भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जारी किया था, इसलिए भाजपा को बताना चाहिए कि वह वीडियो उन्हें कहां से मिला।

      कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा एप मामले में ईडी, ईओडब्ल्यू और भाजपा नेताओं के बीच मिलीभगत कर राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया था।