रायपुर, 12 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हसदेव अरण्य क्षेत्र के तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर साय सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अडानी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए तारा कोल ब्लॉक की नीलामी की अनुशंसा केंद्र सरकार से की थी।
श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में कहा कि साय सरकार ने 11 दिसंबर 2025 को केंद्रीय कोयला मंत्रालय को तारा कोल ब्लॉक की नीलामी के संबंध में पत्र लिखा था। इसके विपरीत, कांग्रेस सरकार ने 23 जून 2023 को तारा सहित नौ कोल ब्लॉकों को नीलामी से बाहर रखने की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जुलाई 2023 में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर हसदेव अरण्य में नई कोयला खदानों की आवश्यकता नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद अक्टूबर 2023 में केंद्र सरकार ने तारा सहित कई कोल ब्लॉकों को नीलामी प्रक्रिया से बाहर कर दिया था।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि बाद में केंद्र द्वारा की गई नीलामी में तारा कोल ब्लॉक CG Syn-Gas and Chemicals Limited को मिला है, जिसे उन्होंने अडानी समूह से जुड़ी कंपनी बताया। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ के जल, जंगल और जमीन को निजी कंपनियों के हित में सौंपा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लगभग 5,000 एकड़ में फैले तारा कोल ब्लॉक का बड़ा हिस्सा घने जंगल क्षेत्र में आता है। खनन से बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई और हाथियों सहित वन्यजीवों के आवागमन पर असर पड़ने की आशंका है।
बैज ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि जब कांग्रेस सरकार हसदेव अरण्य में नई खदानों के खिलाफ थी, तो राज्य की मौजूदा सरकार ने तारा कोल ब्लॉक की नीलामी के लिए केंद्र को पत्र क्यों लिखा। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस पर छत्तीसगढ़ की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।




