नई दिल्ली, 12 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में नव-निर्वाचित मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लिए गए फैसलों की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से इस बात पर खुशी जताई कि अब राज्य के नागरिकों को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए लोगों को बेहतर गुणवत्ता वाली और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के राज्य के लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल की पहली बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। इनमें बांग्लादेश सीमा पर 45 दिनों के भीतर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि हस्तांतरित करने का फैसला शामिल है। इसके अलावा राज्य सरकार ने आयुष्मान भारत योजना सहित केंद्र सरकार की अन्य प्रमुख योजनाओं को भी राज्य में लागू करने की घोषणा की है।




