होम खास ख़बर नीट-यूजी 2026 दोबारा 21 जून को होगी आयोजित, अगले वर्ष से परीक्षा...

नीट-यूजी 2026 दोबारा 21 जून को होगी आयोजित, अगले वर्ष से परीक्षा CBT मोड में : प्रधान

0

नई दिल्ली, 15 मई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा 21 जून को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।

  श्री प्रधान ने यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिलहाल ओएमआर आधारित पेन-पेपर मोड में आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा को अगले वर्ष से पूरी तरह कम्प्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कराने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना था कि इससे परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनेगी।

   उन्होंने स्वीकार किया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में व्यापक और ठोस सुधारों की आवश्यकता है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, फर्जी अभ्यर्थियों और शिक्षा माफिया की गतिविधियों को लेकर लगातार सवाल उठे हैं, जिसके बाद सरकार परीक्षा प्रणाली को और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में काम कर रही है।

    श्री प्रधान ने कहा, “सरकार नहीं चाहती कि कोई भी योग्य विद्यार्थी फर्जी उम्मीदवारों की धांधली या शिक्षा माफिया की साजिशों के कारण अपने अधिकारों से वंचित हो।” उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए परीक्षा सुरक्षा, डिजिटल निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और तकनीकी ऑडिट जैसे उपायों को और मजबूत किया जाएगा।

    गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में नीट परीक्षा को लेकर कई राज्यों में विवाद और जांच की स्थिति बनी थी। विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने तथा NTA में सुधार की मांग उठाई थी। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा परीक्षा को CBT मोड में ले जाने का फैसला एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

    देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा MBBS, BDS और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश का प्रमुख माध्यम है। अब दोबारा परीक्षा की घोषणा के बाद विद्यार्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।