होम छत्तीसगढ़ बैज ने रायपुर में लागू कमिश्नरी सिस्टम को बताया पूरी तरह विफल

बैज ने रायपुर में लागू कमिश्नरी सिस्टम को बताया पूरी तरह विफल

0

रायपुर, 21 मई। छत्तीसगढ़ में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली को लेकर सियासत तेज हो गई है। दीपक बैज ने रायपुर में लागू कमिश्नरी सिस्टम को पूरी तरह विफल बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपराधों पर नियंत्रण के नाम पर राजधानी में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू की गई थी, लेकिन इसके बावजूद हत्या, लूट, चोरी, डकैती और बलात्कार जैसी घटनाओं में कोई कमी नहीं आई।

    दीपक बैज ने कहा कि रायपुर में 5 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती के बाद भी कानून व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब राजधानी में यह व्यवस्था सफल नहीं हुई, तो सरकार इसे दुर्ग और बिलासपुर में क्यों लागू करना चाहती है? उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों के लिए गृह मंत्री सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं और उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए।

    कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि रायपुर पुलिस कमिश्नरी अब “वसूली कमिश्नरेट” बनकर रह गई है। उनके मुताबिक, ट्रैफिक चालान और वसूली पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, जबकि अपराध नियंत्रण और गश्त व्यवस्था मजबूत करने में पुलिस नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।

    दीपक बैज ने यह भी कहा कि राजधानी में आम नागरिकों के बीच पुलिस का डर बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की सक्रियता केवल चालान काटने तक सीमित रह गई है, जबकि जनता की सुरक्षा और मदद के लिए पुलिस अधिकारी मैदान में नजर नहीं आते।