राजनांदगांव 21 मई।विधानसभा अध्यक्ष डा.रमन सिंह एवं वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने बुधवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112’ सेवा के तहत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए आपातकालीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं का आधुनिकीकरण नागरिक सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “एक नंबर, अनेक माध्यम, त्वरित सहायता” की सोच पर आधारित डायल-112 सेवा प्रदेशवासियों को संकट की स्थिति में तत्काल मदद और रेस्क्यू उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने सुरक्षित छत्तीसगढ़ के निर्माण को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों के जरिए पुलिस की रिस्पॉन्स टाइमिंग में सुधार होगा और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
वाहनों का वर्गीकरण
‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112’ सेवा के विस्तार के तहत कुल 22 नए वाहन शामिल किए गए हैं, जिनमें—
- 18 डायल-112 वाहन — त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए
- 3 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन — राजमार्गों पर दुर्घटना एवं सुरक्षा निगरानी के लिए
- 1 फॉरेंसिक वाहन — घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए
इन सभी वाहनों में अत्याधुनिक जीपीएस, उन्नत संचार प्रणाली और आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इससे कंट्रोल रूम को रियल-टाइम लोकेशन प्राप्त होगी और किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस बल तेजी से मौके पर पहुंच सकेगा।




