लखनऊ, 28 मई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में जारी बिजली संकट को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और यह तथाकथित ‘गुजरात मॉडल’ की विफलता को उजागर करता है।
श्री यादव ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश में ‘गुजरात मॉडल’ का ट्रांसफॉर्मर जल चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जबरदस्ती जोड़े गए तारों में अब चिंगारी निकल रही है, बिजली नहीं होने के बावजूद मीटर तेजी से दौड़ रहे हैं और जनता भाजपाइयों के पीछे दौड़ रही है।
सपा प्रमुख ने बीजेपी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग बड़े-बड़े दावे करते थे, वही अब पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता पूछ रही है कि आखिर किसी भी समस्या के सामने आते ही बीजेपी के नेता हाथ क्यों खड़े कर देते हैं।
श्री यादव ने अपने पोस्ट में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से जुड़ी एक समाचार रिपोर्ट भी साझा की। उन्होंने बिजली संकट को नियंत्रित करने में सरकार की नाकामी का आरोप लगाया। गौरतलब है कि ए.के. शर्मा गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय और बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और खराब बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार राज्य सरकार को घेरने में जुटा हुआ है।




