होम उत्तर प्रदेश राम मंदिर चढ़ावे की रकम को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा आरोप,...

राम मंदिर चढ़ावे की रकम को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, अदालत से स्वतः संज्ञान लेने की मांग

0

लखनऊ, 07 जून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में प्राप्त चढ़ावे की राशि को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों रुपये की रकम का हिसाब स्पष्ट नहीं है और इस मामले में अदालत को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए।

     रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान राम के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले ने देश-विदेश के रामभक्तों को चिंतित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे की बड़ी राशि गायब होने की खबरें सामने आई हैं, जो बेहद संवेदनशील और गंभीर विषय है।

    सपा प्रमुख ने कहा कि इस मामले में मंदिर ट्रस्ट की ओर से कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति और अधिक संदेहास्पद बन रही है। उन्होंने इसे ट्रस्ट के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि आस्था से जुड़े ऐसे मामलों में पूर्ण पारदर्शिता आवश्यक है।

    अखिलेश यादव ने न्यायपालिका से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और विश्वास से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए इसे संदेह पैदा करने वाला बताया।

    उल्लेखनीय है कि 13 दिसंबर 2025 को हुई श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में बताया गया था कि ट्रस्ट को अब तक कुल 4,575 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। ट्रस्ट के अनुसार, पिछले पांच वर्ष नौ माह के दौरान मंदिर निर्माण, परिसर विस्तार, भूमि एवं भवन खरीद सहित विभिन्न कार्यों पर लगभग 2,475 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके बाद ट्रस्ट के पास करीब 2,100 करोड़ रुपये की राशि शेष बताई गई थी।