(सन्तोष यादव)
सुलतानपुर 07 जून।सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित संस्था घर सुलतानपुर द्वारा संचालित ज्ञानदीप मिशन के अंतर्गत रविवार को वल्लीपुर की निषाद बस्ती में 33वें निःशुल्क साप्ताहिक शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उनकी शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन भी किया गया।
शैक्षिक सत्र के दौरान बच्चों को अंग्रेजी विषय के अंतर्गत सप्ताह के सातों दिनों और वर्ष के बारह महीनों के नामों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही उनकी अध्ययन क्षमता का आकलन करने के लिए गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परीक्षा परिणाम में सुषुम ने प्रथम तथा रीता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आरपीएस मानवाधिकार फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.पी. गुप्ता एडवोकेट ने मेधावी विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा अच्छे संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा दी।
बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए डी.पी. गुप्ता ने सभी विद्यार्थियों को बिस्कुट और टॉफियां वितरित कीं। वहीं समाजसेवी विनायक मिश्रा ने शीर्ष तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को चॉकलेट देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। शिक्षण कार्य में विनायक मिश्रा, शुभ साहू एवं शिवा शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों को विभिन्न विषयों की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
संस्था के पदाधिकारी नितिन मिश्रा ने बताया कि ज्ञानदीप मिशन का उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, खेलकूद, कंप्यूटर ज्ञान और नैतिक शिक्षा से जोड़ना है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। लगातार संचालित हो रहा यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।




