रायपुर, 8 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुशासन तिहार 2026 के तहत बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में संचालित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में राजस्व, ग्रामीण एवं शहरी विकास, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के निर्देश
मुख्यमंत्री ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नक्शा सुधार से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने को कहा। साथ ही मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना और राजस्व अभिलेखों के अद्यतन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास और सूर्यघर योजना पर फोकस
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु से पहले अधिकतम स्वीकृत आवासों का निर्माण पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने आवास निर्माण में तेजी लाने के लिए अधिक कारीगरों को मेसन प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत वर्ष 2027 तक प्रदेश में पांच लाख सौर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।
खरीफ सीजन से पहले खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को खाद और बीज की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र किसानों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही एग्रीस्टैक पंजीयन कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।
धान उपार्जन और उठाव की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने समयबद्ध उठाव सुनिश्चित करने तथा स्थानीय स्तर पर राइस मिलों की स्थापना के लिए आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।
महिला स्व-सहायता समूहों और कुपोषण उन्मूलन पर जोर
बिहान योजना की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री निर्माण में महिला समूहों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
समीक्षा में बताया गया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 20,245 और बालोद जिले में 36,312 लखपति दीदी तैयार हो चुकी हैं। वहीं, औराटोला को लखपति ग्राम के रूप में विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कुपोषण उन्मूलन के लिए संचालित योजनाओं की प्रभावी निगरानी और आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को बरसात पूर्व तैयारी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु में संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
बालोद जिले में डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने रोकथाम, जागरूकता और उपचार संबंधी व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए।
पेयजल, सड़क और डिजिटल सेवाओं की समीक्षा
जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने गर्मी और वर्षा ऋतु के दौरान निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मोहला-मानपुर क्षेत्र में स्वीकृत 60 किलोमीटर सड़क में से 50 किलोमीटर निर्माण पूर्ण होने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने शेष कार्य शीघ्र पूरा करने और बारिश से पहले खराब मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ई-ऑफिस, ई-डिस्ट्रिक्ट, अटल डिजिटल सेवा केंद्र और सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक सेवाओं के विस्तार और प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
शिक्षा, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने पीएम श्री स्कूलों की समीक्षा करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, नवाचार आधारित शिक्षण अपनाने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग की समीक्षा में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा उपायों की जानकारी ली गई। बैठक में बताया गया कि बालोद जिले में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में कमी दर्ज की गई है।मुख्यमंत्री ने हेलमेट उपयोग और यातायात नियमों के पालन को लेकर जनजागरूकता अभियान लगातार चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में तेंदूपत्ता संग्रहण, खनिज राजस्व, डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की उपलब्धता सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।




