रायपुर, 8 जून। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने राज्य के युवाओं को बेरोज़गारी, अवसाद, नशाखोरी और अपराध जैसी समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से राज्यव्यापी ‘बेटा बचाओ आंदोलन’ शुरू करने की घोषणा की है।
पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में इस अभियान का शुभारंभ 14 जून को रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अमलीडीह से किया जाएगा। अगले एक माह के दौरान आंदोलन को प्रदेश के सभी पांच संभागों में चरणबद्ध तरीके से विस्तार दिया जाएगा।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजीव अग्रवाल ने बताया कि 7 जून को रायपुर स्थित जोगी निवास में अमित जोगी की अध्यक्षता में प्रदेशभर से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन की रणनीति, कार्यक्रमों की रूपरेखा और राज्यव्यापी विस्तार की योजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अमित जोगी ने कहा कि बेरोज़गारी, अवसाद, नशा और अपराध एक ऐसी जहरीली श्रृंखला है, जिसने युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। उन्होंने कहा, “इस जंजीर की एक भी कड़ी टूट जाए तो हमारा बेटा और हमारा भविष्य बच सकता है। यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि हर मां की चिंता और उसके सपनों का आंदोलन है।”
इस अवसर पर अमित जोगी ने संजीव अग्रवाल को ‘बेटा बचाओ आंदोलन समिति’ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया। वे आंदोलन के राज्यव्यापी संचालन, विस्तार और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विभिन्न जिलों में होंगे चौपाल और जनजागरण कार्यक्रम
पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 14 जून को अमलीडीह (रायपुर ग्रामीण) से अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद 17 जून को कोंडागांव, 22 जून को अशोक नगर-बेलतरा (बिलासपुर), 23 जून को बेलगहना (कोटा), 24 जून को जामुल (अहिवारा) तथा उसी दिन भिलाई रिसाली विधानसभा क्षेत्र के छावनी चौक में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में 25 जून को राजनांदगांव, 27 जून को डोंगरगढ़, 28 जून को दामाखेड़ा (भाटापारा), 29 जून को तेलीबांधा (रायपुर उत्तर), 1 जुलाई को बाराद्वार (शक्ति) और पिसौद तथा 2 जुलाई को अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
पार्टी ने बताया कि इसके बाद धरसीवां, आरंग, पेंड्रा-गौरेला-मरवाही, महेंद्रगढ़, कवर्धा, बिल्हा, लोरमी, मुंगेली, बीजापुर, चित्रकोट, बलौदाबाजार, पामगढ़ और अभनपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों में भी चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) का दावा है कि यह अभियान युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रखने, उन्हें सकारात्मक दिशा देने और परिवारों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप लेगा।




