होम छत्तीसगढ़ जिंदल फाउंडेशन की पहल: जिला जेल रायगढ़ में लगा मल्टी-स्पेशियलिटी हेल्थ कैंप

जिंदल फाउंडेशन की पहल: जिला जेल रायगढ़ में लगा मल्टी-स्पेशियलिटी हेल्थ कैंप

0

रायगढ़, 17 जून। समाज के सभी वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से जिंदल फाउंडेशन और फोर्टिस–ओपी जिंदल अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में जिला जेल रायगढ़ में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 203 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

     स्वास्थ्य शिविर में सामान्य चिकित्सा, स्त्री एवं प्रसूति रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), नेत्र रोग और दंत चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉक्टरों ने पुरुष एवं महिला बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके साथ ही विभिन्न बीमारियों की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया।

     जेल परिसर में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता से बंदियों को ऐसे चिकित्सकीय परामर्श और उपचार का लाभ मिला, जो सामान्य परिस्थितियों में उनके लिए सहज रूप से उपलब्ध नहीं हो पाता। शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

     इस अवसर पर जेल प्रशासन ने जिंदल फाउंडेशन एवं फोर्टिस–ओपी जिंदल अस्पताल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह आयोजन सुधार गृहों में रह रहे लोगों सहित समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रति जिंदल फाउंडेशन की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।