होम उत्तर प्रदेश राम मंदिर चढ़ावा मामला: बड़े लोगों को बचाने की कोशिश, एफआईआर सिर्फ...

राम मंदिर चढ़ावा मामला: बड़े लोगों को बचाने की कोशिश, एफआईआर सिर्फ दिखावा- केजरीवाल

0

अयोध्या, 26 जून। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज एफआईआर को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और संबंधित एजेंसियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जबकि कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित रखी गई है।

      शुक्रवार को अयोध्या में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे और भगवान को अर्पित किए गए सोने-चांदी के आभूषणों से जुड़े कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में असली जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

      इससे पहले केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के साथ हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के साथ-साथ राम मंदिर से जुड़े कथित घोटाले में दोषियों को कड़ी सजा मिलने की प्रार्थना भी की।

       केजरीवाल ने कहा, “मैंने भगवान से प्रार्थना की है कि राम मंदिर में दान के कथित गबन और भगवान को चढ़ाए गए आभूषणों की कथित चोरी में जो भी दोषी है, उसे कठोर से कठोर दंड मिले।”

       उन्होंने अयोध्या पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार शाम दर्ज की गई एफआईआर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह केवल औपचारिक कार्रवाई है और इससे वास्तविक दोषियों तक पहुंचने की मंशा दिखाई नहीं देती। उनके अनुसार, मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।