होम देश-विदेश PM मोदी का मुखौटा पहनकर मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी

PM मोदी का मुखौटा पहनकर मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी

0

भीलवाड़ा, 30 जून। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। यहां शातिर चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर मोबाइल दुकान में सेंध लगाई और लाखों रुपये के महंगे स्मार्टफोन चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

     जानकारी के अनुसार, कस्बे के बस स्टैंड स्थित मातेश्वरी मोबाइल जोन में देर रात चोर छत के रास्ते दुकान के अंदर घुसे। उन्होंने सीढ़ियों के गेट का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और वहां रखे करीब 30 से 40 महंगे स्मार्टफोन चोरी कर लिए। चोरी गए मोबाइल फोन की कीमत लगभग 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

      सुबह जब दुकान संचालक लक्ष्मण सेन अपनी दुकान पहुंचे तो सामान बिखरा मिला और मोबाइल फोन गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

      चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने कस्बे के बीज गोदाम चौराहा स्थित सांवरिया मोबाइल नामक दूसरी दुकान को भी निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि इस दुकान का शटर तोड़ने में वे सफल नहीं हो सके और वहां से फरार हो गए।

     दूसरी दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहने हुए शटर का ताला तोड़ने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। पुलिस का मानना है कि दोनों वारदातों में एक ही गिरोह शामिल हो सकता है।

     करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने बताया कि दुकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फुटेज में एक आरोपी प्रधानमंत्री का मुखौटा लगाए स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।

     फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।