लखनऊ, 08 जुलाई। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा के तत्कालीन एआरटीओ ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। दो दिनों तक चली तलाशी के दौरान अधिकारियों को भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, हीरे-जवाहरात और करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
विजिलेंस के अनुसार, तलाशी में करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी तथा हीरे-जवाहरात बरामद किए गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक बरामद सोना, चांदी और आभूषणों की कुल कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
जांच के दौरान अधिकारियों को लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित मकानों, प्लॉटों, फ्लैट बुकिंग और कृषि भूमि से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा बैंक खातों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े अभिलेख भी बरामद किए गए हैं।
छापेमारी में एक टोयोटा इनोवा, हुंडई i20 कार और एक रिवॉल्वर भी बरामद हुई है। जांच अधिकारियों ने यह भी पाया कि मकान के इंटीरियर, साज-सज्जा और घरेलू उपकरणों पर भी लाखों रुपये खर्च किए गए थे।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों ने बताया कि ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2024 में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर चल रही जांच के क्रम में 7 और 8 जुलाई को लखनऊ के अलीगंज स्थित उनके आवास पर यह कार्रवाई की गई।
इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक सतर्कता ने लखनऊ सेक्टर की विजिलेंस टीम को एक लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।




