सुल्तानपुर, 14 जुलाई। जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं जिला क्षय रोग (टीबी) विभाग में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (एसटीएलएस) के पद पर कार्यरत के.के. तिवारी का मंगलवार तड़के निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत, स्वास्थ्य विभाग और जिले के सामाजिक संगठनों में गहरा शोक व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के आकस्मिक चिकित्सा कक्ष लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया। हालांकि उपचार के दौरान सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
के.के. तिवारी लंबे समय तक हिन्दुस्तान समाचार पत्र में जिला संवाददाता के रूप में सक्रिय रहे। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न समाचार संस्थानों में भी अपनी सेवाएं दीं। निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के कारण उन्होंने जिले में अपनी अलग पहचान बनाई थी और पत्रकारिता जगत में उनका विशेष सम्मान था।
पत्रकारिता के साथ-साथ वे कई वर्षों से जिला क्षय रोग (टीबी) विभाग में एसटीएलएस के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनका सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव उन्हें सहकर्मियों और आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाता था।
उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।




