शिमला, 25 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई।
उदयपुर–पांगी सड़क मार्ग पर कडू नाला के समीप अचानक पहाड़ से विशाल चट्टान गिरने से कुल्लू से पांगी (किलाड़) जा रही एक टाटा सूमो टैक्सी मलबे में दब गई। हादसे में छह महीने के एक शिशु समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग सुरक्षित बच गए।
पुलिस के अनुसार वाहन में कुल 15 लोग सवार थे। चट्टान गिरने के बाद टैक्सी पूरी तरह मलबे के नीचे दब गई और उसके पिछले हिस्से में आग लग गई। मौके पर मौजूद राहगीरों और सेना के जवानों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त और आग की लपटों से घिरा दिखाई दे रहा है।
लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हुई है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस दुखद हादसे पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने उपायुक्त को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।




