होम छत्तीसगढ़ राष्ट्रमंडल खेलों की रजत विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये और...

राष्ट्रमंडल खेलों की रजत विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये और आउट ऑफ टर्न DSP पदोन्नति का ऐलान

0

रायपुर, 03 अगस्त। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

      उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

      मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उनके बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी गई थी। अब मुख्यमंत्री निवास में उनका सम्मान कर राज्य सरकार ने उनकी उपलब्धि का अभिनंदन किया है।

      उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण, उच्चस्तरीय कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

       मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी देश और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।