रायपुर, 14 अगस्त। राज्यपाल रमेन डेका ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राज्यपाल ने कहा कि इस 15 अगस्त को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह गौरवपूर्ण अवसर हमें उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके अथक प्रयासों से देश को पराधीनता से मुक्ति मिली। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को राष्ट्र सदैव स्मरण करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा में हमारे वीर सैनिकों और सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस और समर्पण का परिचय दिया है। राष्ट्र उनके त्याग और बलिदान के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।
राज्यपाल श्री डेका ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा, कौशल और नवाचार को देश की प्रगति के लिए समर्पित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं गौरवशाली राष्ट्र बनाया जा सकता है।




