होम छत्तीसगढ़ ई-20 पेट्रोल को लेकर दीपक बैज का केंद्र पर हमला, बोले- ‘महंगाई...

ई-20 पेट्रोल को लेकर दीपक बैज का केंद्र पर हमला, बोले- ‘महंगाई की मार झेल रही जनता’

0

रायपुर, 21 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ई-20 पेट्रोल और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के फैसलों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक एथेनाल मिलाने के बावजूद उपभोक्ताओं को पेट्रोल की कीमतों में कोई राहत नहीं दी गई है। इसके उलट वाहनों की माइलेज और उनके रखरखाव को लेकर भी लोगों की परेशानी बढ़ी है।

      श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में कहा कि सरकार ने गन्ने के उत्पादन और उसकी वास्तविक जरूरतों का समुचित आकलन किए बिना गन्ने से एथेनाल उत्पादन को बढ़ावा दिया। इससे शक्कर और गुड़ के लिए गन्ने की उपलब्धता प्रभावित हुई और शक्कर के दाम बढ़े। उन्होंने दावा किया कि शक्कर महंगी होने का असर इससे बनने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की कीमतों पर भी पड़ा है।

      प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एथेनाल मिश्रित पेट्रोल को लेकर सरकार को उपभोक्ताओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उनका आरोप है कि ई-20 पेट्रोल के इस्तेमाल से कई वाहन मालिक माइलेज में कमी और वाहनों के इंजन से जुड़ी समस्याओं की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को ई-20 पेट्रोल को अनिवार्य करने के बजाय उपभोक्ताओं को विकल्प देना चाहिए।

      श्री बैज ने कहा कि जिन वाहन मालिकों को एथेनाल मिश्रित पेट्रोल का इस्तेमाल नहीं करना है, उन्हें सामान्य पेट्रोल खरीदने की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं के सामने सीमित विकल्प हैं, जिससे उनकी परेशानी बढ़ रही है।

       कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एथेनाल मिश्रण से सरकार को आर्थिक लाभ हो सकता है, लेकिन इसका फायदा उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को पेट्रोल के लिए ऊंची कीमत चुकाने के साथ ही वाहन की माइलेज कम होने और संभावित रखरखाव खर्च का बोझ भी उठाना पड़ रहा है।

    उन्होंने कहा कि एक ओर पेट्रोल और दूसरी ओर शक्कर तथा उससे बनने वाले उत्पादों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा दिया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने और ई-20 पेट्रोल को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान करने की मांग की है।